धर्म / अध्यात्म
09 Jul, 2026

संत समाज की दो टूक: अखाड़ों के प्रभाव से निकले प्रशासन, आश्रमों को मिले उचित स्थान

कुंभ-2027 की तैयारियों में हो रही आश्रमों की अनदेखी को लेकर अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद ने मेला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपनी सक्रिय भागीदारी की मांग की है।

हरिद्वार, 09 जुलाई।

कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद ने मेला प्रशासन के प्रति तीखा असंतोष व्यक्त किया है। परिषद का आरोप है कि महाकुंभ के आयोजन में आश्रमधारी संतों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जो कि पूरी तरह अनुचित है। गुरुवार को एक प्रेसवार्ता में परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि 19 जून को प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन पर आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई और न ही उन्हें किसी परामर्श प्रक्रिया में शामिल किया गया।

महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानन्द गिरी महाराज और महामंत्री राम विशाल दास महाराज ने स्पष्ट किया कि कुंभ केवल सरकारी तंत्र का आयोजन नहीं, बल्कि सनातन धर्म की एक पावन परंपरा है। उन्होंने तर्क दिया कि कुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को आश्रय, भोजन और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में हरिद्वार के आश्रमों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, ऐसे में प्रशासन को उन्हें उचित सम्मान देना चाहिए।

परिषद ने प्रशासन को यह भी चेतावनी दी कि वह अखाड़ा परिषद से जुड़े आंतरिक मतभेदों या किसी विशेष गुट के प्रभाव में न आए। पदाधिकारियों का आरोप है कि अखाड़ा परिषद के नाम पर कुछ लोग केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं और मेला प्रशासन को गुमराह कर रहे हैं। संतों ने मांग की कि कुंभ की व्यवस्थाओं को अखाड़ा केंद्रित बनाने के बजाय आश्रम केंद्रित किया जाए।

अंत में, परिषद ने उत्तराखंड सरकार और मेला प्रशासन से आग्रह किया कि 19 जून के ज्ञापन पर तत्काल संज्ञान लिया जाए। उन्होंने दोहराया कि यदि कुंभ को वास्तव में भव्य बनाना है, तो आश्रमधारियों को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। प्रेस वार्ता में चन्द्रभूषणानंद, स्वामी कमलेशानंद और सत्यव्रतानंद सहित कई अन्य संत उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़