तेहरान, 09 जुलाई।
ईरान ने अपने क्षेत्र पर जारी अमेरिकी हमलों को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का दरवाजा खटखटाया है। तेहरान ने वैश्विक संस्था से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने सुरक्षा परिषद और महासचिव को औपचारिक पत्र सौंपा है। इसमें उन्होंने वाशिंगटन के इन कदमों को अंतरराष्ट्रीय नियमों का घोर उल्लंघन और ईरान की संप्रभुता पर सीधा हमला करार दिया है।
हालिया हमलों में ईरान के दक्षिणी शहरों को निशाना बनाया गया है। चाबहार में एक अस्पताल और बिजली के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा ईरानशहर और बुशहर में हुए हमलों में एक व्यक्ति की जान भी चली गई है।
ईरान ने अपने पत्र में याद दिलाया है कि यह हमले पिछले महीने पाकिस्तान की मध्यस्थता में हुए आपसी सहमति पत्र का भी सीधा उल्लंघन हैं। ईरान का कहना है कि अमेरिका ने जानबूझकर इन वादों को तोड़कर समझौते को खारिज किया है।
राजदूत इरावानी ने सुरक्षा परिषद की निष्क्रियता पर भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को रोकने के लिए अब निर्णायक कदम उठाना जरूरी है, अन्यथा अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा और गंभीर हो जाएगा।















