देवरिया, 09 जुलाई।
जनपद के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के पिड़हनी गांव में भूमि विवाद के निस्तारण के दौरान एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। घटना बुधवार शाम की है, जब आईजीआरएस शिकायत के सत्यापन के लिए प्रशासनिक टीम गांव में मौजूद थी। वृद्ध सर्वजीत की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने पड़ोसी पक्ष पर धक्का देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
विवाद का विषय गांव की आराजी संख्या 281 और 280 बताई जा रही है। शिकायतकर्ता बैजनाथ और दूसरे पक्ष के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। घटना के समय एसडीएम अवधेश निगम के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर मुआयना कर रही थी। इसी बीच सर्वजीत अचानक गिर पड़े, जिन्हें अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी जान चली गई। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि वे पहले से ही अस्वस्थ थे।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने शव को घर के बाहर रखकर काफी देर तक हंगामा किया और न्याय की मांग को लेकर पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सतेन्द्र राय, एसडीएम और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन द्वारा आरोपितों पर मुकदमा दर्ज करने, आर्थिक सहायता और विवादित जमीन से अवैध कब्जा हटवाने का भरोसा दिए जाने के बाद ही परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
मृतक के पुत्र योगेंद्र ने बैजनाथ, रघुनाथ और राहुल के विरुद्ध कोतवाली में लिखित तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।















