उरई, 09 जुलाई।
गोहन थाना क्षेत्र के मडोरी गांव में शादी के महज दो माह बाद ही एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। बुधवार देर रात उसका शव कमरे में फंदे से लटका पाया गया। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका संतोषी, जो नैनापुर की रहने वाली थी, का विवाह हाल ही में हुआ था। उसकी मौत की खबर लगते ही मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने ससुरालियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मायके वालों का दावा है कि उनकी बेटी को मारकर शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप देकर सबूत मिटाए जा सकें।
गोहन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों पक्षों के लोगों से बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि अभी मामले की जांच शुरुआती चरण में है। पूरी कानूनी कार्यवाही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक टीम की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल तहरीर मिलने का इंतजार है, जिसके बाद विधिक प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।















