जयपुर, 09 जुलाई।
राजस्थान में मानसून की सक्रियता के चलते पूर्वी और दक्षिणी जिलों में मेघ जमकर बरस रहे हैं। भरतपुर और उदयपुर संभाग के अनेक इलाकों में तीन इंच तक हुई बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।
मौसम विभाग ने 10 जुलाई तक प्रदेश भर में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भरतपुर, धौलपुर, बारां और झालावाड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट है। अधिकांश अन्य जिलों में यलो अलर्ट के बीच 11 जुलाई से बारिश की तीव्रता घटने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों में बयाना, मंडरायल, भदेसर और निंबाहेड़ा जैसे इलाकों में तीन इंच से अधिक पानी गिरा है। बारिश के कारण राज्य के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अलवर, जयपुर और टोंक जैसे प्रमुख शहरों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।
अलवर में सड़कों पर पानी जमा होने से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, बांसवाड़ा के चेतक कॉम्प्लेक्स में एक भवन की सीढ़ियां और छत गिरने की घटना सामने आई है, हालांकि गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।














