तेहरान, 09 जुलाई।
मध्य-पूर्व में तनाव का पारा चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका और ईरान के बीच छिड़े संघर्ष में पांच ईरानी प्रांतों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों के चलते 14 लोगों की जान चली गई है, जबकि 78 नागरिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बुशहर, चाबहार, बंदर अब्बास और सिरिक जैसे तटीय शहरों में गुरुवार को भीषण धमाकों की गूंज सुनाई दी। लगातार दूसरी रात हुई इस बमबारी ने वहां की स्थिति को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है। अमेरिका का दावा है कि ये कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हुए हमलों का बदला है।
इस भीषण संघर्ष के बीच तेहरान-मशहद रेलवे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। हमले के कारण ट्रेन सेवा को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। फिलहाल, तकनीकी टीमें मरम्मत कार्य में जुटी हैं और यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से गंतव्य तक भेजने का प्रबंध किया जा रहा है।
ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बहरीन, कुवैत और कतर स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। वहीं, बहरीन का कहना है कि उसने अपने एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से ईरान के कई हवाई हमलों को विफल कर दिया है।
अमेरिकी सेना ने ईरान के अंदर 90 ठिकानों पर प्रहार किया है, जिनमें पुल, हवाई अड्डे और रेल बुनियादी ढांचे शामिल हैं। ईरान की संसद ने स्पष्ट किया है कि वे इस कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देंगे। फिलहाल दोनों देशों के बीच हुए समझौते की शर्तों के उल्लंघन को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।















