न्यूयॉर्क, 09 जुलाई।
अमेरिका की आजादी के 250वें जश्न के उपलक्ष्य में आयोजित अंतरराष्ट्रीय नौसेना समीक्षा में भारतीय नौसेना का आईएनएस सुदर्शिनी आकर्षण का केंद्र रहा। इस समुद्री अभियान ने वैश्विक स्तर पर भारत की गौरवशाली परंपराओं को प्रदर्शित किया है।
भारत की इस स्वदेशी सेल ट्रेनिंग शिप ने अपनी ट्रांसओशनिक तैनाती के तहत न्यूयॉर्क बंदरगाह पर पहुंच कर भारत का प्रतिनिधित्व किया। 54 मीटर लंबा यह तीन मस्तूलों वाला जहाज नौसेना के युवा कैडेट्स को पारंपरिक समुद्री कौशल सिखाने के लिए समुद्र में उतरा है।
जहाज ने स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के समीप शानदार परेड ऑफ सेल में भाग लिया। इस दौरान हडसन नदी के तट पर भारतीय तिरंगा गर्व से लहराया, जो दोनों देशों के बीच गहरी सामरिक और सांस्कृतिक दोस्ती का प्रतीक बना।
ब्रुकलिन में पड़ाव के दौरान यह जहाज भारत का 'फ्लोटिंग एंबेसडर' बनकर उभरा। यहाँ 1,000 से अधिक लोगों ने जहाज का दौरा किया और भारतीय समुद्री विरासत तथा नौसेना की प्रशिक्षण परंपराओं को नजदीक से समझा।
इस कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि और न्यूयॉर्क में तैनात वाणिज्य दूत सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। उन्होंने भारत और अमेरिका के बढ़ते रक्षा संबंधों की सराहना की।
यह जहाज अब 'सेल बोस्टन सेलिब्रेशन' के लिए रवाना हो चुका है। 'लोकायन-2026' मिशन के तहत यह शिप मित्रता और सहयोग का संदेश दुनिया तक पहुंचा रहा है।















