इंदौर, 09 जुलाई।
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के राजमोहल्ला क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक महिला के साथ चैन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। मंदिर दर्शन के लिए पैदल जा रही एक महिला के गले से बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली और हथियार दिखाकर फरार हो गए।
मल्हारगंज थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता इंदिरा जैन सुबह करीब 7:30 बजे वैष्णव स्कूल के पास स्थित जैन मंदिर जा रही थीं। उसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक उनके निकट पहुंचे और झपट्टा मारकर चेन छीन ली। महिला के शोर मचाने पर स्थानीय निवासियों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने हथियार लहराकर उन्हें धमकाया और एमओजी लाइन की ओर भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दो थाना क्षेत्रों की सीमा के पास वारदात होने के कारण पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।















