रतलाम, 09 जुलाई।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में महत्वाकांक्षी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।
मंत्री गडकरी बुधवार को दिल्ली से रवाना हुए थे और राजस्थान के कोटा-बूंदी मार्ग होते हुए मंदसौर के गरोठ पहुंचे थे। वहां रात्रि विश्राम के बाद, वे गुरुवार सुबह 19 गाड़ियों के काफिले के साथ रतलाम की सीमा की ओर बढ़े।
सुबह करीब 10:25 बजे मंत्री का काफिला निर्धारित स्थान पर पहुँचा। मौके पर मौजूद रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने उनका स्वागत किया। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पूरे इलाके में कड़ी घेराबंदी कर रखी थी।
गडकरी ने अपनी कार से उतरकर पैदल ही एक्सप्रेस-वे का जायजा लिया। उन्होंने कलेक्टर से जिले से गुजर रहे 8-लेन मार्ग की प्रगति रिपोर्ट ली। साथ ही, सड़क पर चल रहे पैच वर्क को तय समय सीमा में पूरा करने के कड़े निर्देश जारी किए।
लगभग पांच मिनट तक रुकने के बाद केंद्रीय मंत्री का काफिला अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गया। उनके दौरे को देखते हुए एक्सप्रेस-वे पर यातायात की विशेष व्यवस्था की गई थी ताकि निरीक्षण के दौरान कोई व्यवधान न आए।















