पौड़ी गढ़वाल, 09 जुलाई।
जिले में मूसलाधार बारिश से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई जगह सड़कों पर मलबा आने और बिजली व्यवस्था ठप होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भारी बारिश के कारण कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर सतपुली मल्ली के पास यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसके अलावा पैठाणी और एकेश्वर समेत कई अन्य क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रही है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आपदा परिचालन केंद्र में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को फील्ड में मुस्तैद रहने और स्थिति पर कड़ी नज़र रखने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों के साथ डीएम ने जल निकासी के लिए जिम्मेदार ड्रेनेज नेटवर्क का निरीक्षण किया। उन्होंने जल भराव की समस्याओं को हल करने और अवरोध हटाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।














