हरिद्वार, 09 जुलाई।
धर्मनगरी में एक युवती के साथ दुष्कर्म और उसके बाद निर्मम हत्याकांड की सनसनीखेज गुत्थी को सुलझाने में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। देर रात हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जिसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया है। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस की एक अन्य टीम फरार आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 28 जून को आस्था पथ के किनारे झाड़ियों में एक युवती का शव बरामद किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने पर नगर कोतवाली में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों को चिन्हित किया और घेराबंदी शुरू की।
बुधवार देर रात जब पुलिस ने रोड़ीबेलवाला चौकी क्षेत्र में बाइक सवार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस बल पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में जा लगी। पूछताछ में आरोपी जीशान ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि वह अपने साथी शाहनवाज के साथ मिलकर महिला को बहला-फुसलाकर गंगा घाट ले गया था।
आरोपी ने खुलासा किया कि विवाद तब शुरू हुआ जब महिला ने शारीरिक संबंध बनाने के बाद पैसों की मांग की और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी। आक्रोश में आकर दोनों ने चुन्नी से गला घोंटकर उसकी जान ले ली और मोबाइल का सिम नदी में फेंक दिया। फिलहाल, घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस प्रशासन जल्द ही दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रहा है।















