नोएडा, 09 जुलाई।
दादरी थाना क्षेत्र में दो नाबालिग छात्राओं के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई है। परिजन का आरोप है कि दोनों छात्राएं ट्यूशन पढ़ने जाने के दौरान रहस्यमय तरीके से गायब हो गईं। इस मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, 13 वर्षीय दोनों चचेरी बहनें मिहिर भोज बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की छात्राएं हैं। वे रोज की तरह आठ जुलाई की शाम चार बजे ट्यूशन पढ़ने के लिए अपनी अध्यापिका के घर निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन करने के बाद जब परिजन ट्यूशन के स्थान पर पहुंचे तो उन्हें अनहोनी का आभास हुआ।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिव और यश ठाकुर नामक दो युवकों ने छात्राओं को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। दादरी पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में इन छात्राओं को सकुशल बरामद करने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं जो संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।















