अयोध्या, 11 जुलाई।
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने मंदिर में हुई दान चोरी की घटना को शर्मनाक बताया है। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना ने सभी को आहत किया है और भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य बनाया जाएगा ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
निर्माण कार्यों की प्रगति पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पुराने स्मारक का काम पूर्ण हो चुका है और जल्द ही वहां 24 घंटे अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। हुतात्मा स्मारक और मंदिर के मुख्य निर्माण कार्यों को आगामी 30 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नृपेंद्र मिश्रा ने आगे बताया कि मंदिर परिसर की चार किलोमीटर लंबी चहारदीवारी का निर्माण कार्य 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, राम मंदिर के भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण दिसंबर 2026 तक संपन्न होने की उम्मीद है।
राम कथा संग्रहालय को लेकर भी उन्होंने बड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि संग्रहालय की 20 गैलरियों की स्टोरीलाइन तैयार कर ली गई है। इसके अलावा, सीईओ की नियुक्ति के लिए गठित समिति जल्द ही अपना अंतिम निर्णय लेगी।








