मेमिंगेन, 11 जुलाई।
ग्रीस से जर्मनी जा रही एक फ्लाइट में उस समय खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान की एक खिड़की टूट गई। इस हादसे में 61 वर्षीय एक यात्री बुरी तरह घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रायनएयर के बोइंग 737 विमान की यह घटना टेक-ऑफ के बाद हुई। बताया जा रहा है कि इंजन के हिस्से से निकला मलबा सीधे विमान के ढांचे से टकराया, जिससे केबिन की खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से विमान के अंदर अफरातफरी मच गई और केबिन का दबाव गिरने से ऑक्सीजन मास्क नीचे आ गए।
खिड़की के पास बैठे सर्बियाई यात्री को तेज हवा के झोंकों और दबाव के बदलाव ने अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि उन्होंने सीट बेल्ट लगा रखी थी। उनकी पत्नी और पास बैठे अन्य यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें पकड़कर विमान के अंदर सुरक्षित खींच लिया।
विमान को तत्काल वापस थेसालोनिकी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई। फिलहाल बोइंग कंपनी और एयरलाइन प्रबंधन पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुटा है।










