बेरूत, 11 जुलाई।
इज़राइल और हिज़्बुल्लाह के बीच जारी संघर्ष विराम को जमीनी स्तर पर लागू कराने के लिए अमेरिका अब सक्रिय कदम उठाने की तैयारी में है। खबरों के अनुसार, अमेरिकी सैन्य कमांड (सेंटकॉम) का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही लेबनान की राजधानी बेरूत का दौरा कर सकता है।
यह प्रस्तावित दौरा रोम में होने वाली तकनीकी वार्ता से पहले काफी अहम माना जा रहा है। इस वार्ता का मुख्य उद्देश्य 26 जून को हुए उस समझौते को अमलीजामा पहनाना है, जिसके तहत लेबनानी क्षेत्र से इज़राइली सेना की चरणबद्ध वापसी तय की गई है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने पुष्टि की है कि सेंटकॉम तकनीकी और लॉजिस्टिक स्तर पर दोनों पक्षों के साथ समन्वय कर रहा है। कार्यान्वयन का काम शुरू हो चुका है और पहला 'पायलट ज़ोन' जल्द ही अस्तित्व में आएगा। साथ ही अन्य इलाकों की मैपिंग पर भी काम किया जा रहा है।
अमेरिका का मुख्य लक्ष्य लेबनानी सरकार को पूरे देश में अपनी संप्रभुता बहाल करने में मदद करना है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ भी तालमेल बढ़ाया जाएगा।
उधर, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि जारी सैन्य हमलों में मृतकों का आंकड़ा 4,321 तक पहुंच गया है, वहीं 12,204 लोग घायल हुए हैं। वर्तमान में इज़राइली सेना दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में डटी हुई है, जहां वे सीमा से लगभग 10 किलोमीटर अंदर तक प्रवेश कर चुके हैं।










