राजगढ़, 11 जुलाई।
शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत भंडारा गली इलाके में शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ 20 वर्षीय युवक आदित्य भाटी ने अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने भीतर जाकर देखा, जहाँ आदित्य फंदे पर झूल रहा था।
परिजनों ने तत्काल आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन वहाँ मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आदित्य पढ़ाई कर रहा था और शुक्रवार रात को भी उसने परिवार के अन्य सदस्यों से सामान्य बातचीत की थी। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। युवक द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे की ठोस वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अब मामले की बारीकी से तहकीकात कर रही है और परिजनों तथा अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है ताकि मौत के पीछे के असल कारणों तक पहुँचा जा सके।








