अयोध्या, 11 जुलाई।
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने मंदिर में दान चोरी की घटना को लेकर गहरा खेद व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को एक बड़ा कलंक करार देते हुए कहा कि इससे हम सभी शर्मिंदा हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।
सर्किट हाउस में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पुराने मंदिर स्मारक का कार्य अंतिम चरण में है। वहां जल्द ही 24 घंटे अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। वहीं, हुतात्मा स्मारक को जुलाई अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। मंदिर के अन्य मुख्य निर्माण कार्य भी 30 जुलाई तक पूरे कर लिए जाएंगे, जबकि चार किलोमीटर लंबी चहारदीवारी का काम 30 सितंबर की समय-सीमा तक पूरा करने का संकल्प लिया गया है।
मंदिर परिसर के भविष्य के विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर का ऑडिटोरियम दिसंबर 2026 तक तैयार हो जाएगा। राम कथा संग्रहालय की 20 गैलरियों की स्टोरीलाइन को अंतिम रूप दिया जा चुका है और वीडियो प्रस्तुति पर बैठक में निर्णय लिया जाएगा। साथ ही, मंदिर समिति के सीईओ पद के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति जल्द ही अंतिम फैसला लेगी।








