देहरादून, 11 जुलाई।
उत्तराखंड में मानसून की जोरदार दस्तक के साथ ही पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी देहरादून में शनिवार की सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया है। हालांकि, पर्वतीय इलाकों के लिए प्रशासन ने विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विशेष रूप से देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले निवासियों और पर्यटकों को खराब मौसम में अनावश्यक सफर से बचने की सलाह दी गई है। भूस्खलन की आशंका वाले रास्तों पर अत्यधिक सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के आंकड़ों पर गौर करें तो लक्सर में 47.5 मिमी, खानपुर में 25 मिमी, रामनगर में 24 मिमी और नई टिहरी में 9.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।








