लखनऊ, 11 जुलाई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा रविवार, 12 जुलाई को पार्टी के राज्य मुख्यालय पहुंचकर विधिवत अपना पदभार संभालेंगे। इस आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। डॉ. मिश्रा लखनऊ के 1090 चौराहे से एक भव्य रैली के रूप में बड़ी संख्या में युवा समर्थकों के साथ भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां वे युवाओं के साथ सीधा संवाद भी स्थापित करेंगे।
सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह जनसेवा का मार्ग शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के विश्वास का परिणाम है। वे इस नई भूमिका को केवल एक पद नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं की बुलंद आवाज बनने और उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़े मिशन के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने अपनी पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ इस दायित्व का निर्वहन करने का संकल्प लिया है।
डॉ. मिश्रा ने अपने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस चुनौतीपूर्ण सफर में सभी का सहयोग ही उनकी असली ताकत है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे मिलकर प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन की ओर अग्रसर हों। उनका मुख्य लक्ष्य राज्य में एक सशक्त और समर्थ युवा शक्ति का निर्माण करना है। वे पदभार ग्रहण करने के बाद पार्टी की भविष्य की योजनाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।








