भोपाल, 11 जुलाई।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर विकासखंड को करीब 80 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शनिवार को विभिन्न ग्रामों में सड़क, स्कूल भवन, पंचायत भवन, सीसी रोड, नाली, पुलिया, स्टॉपडैम और सामुदायिक भवन सहित कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि लगभग 65 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे सड़क नेटवर्क से जैसीनगर क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। मसुरहाई मार्ग बनने के बाद भोपाल जाने वालों की दूरी करीब 25 किलोमीटर कम हो जाएगी। इस सड़क से क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से किसानों के लिए कृषि उपज मंडियों तक पहुंच आसान होगी और परिवहन लागत में भी कमी आएगी।
कार्यक्रम के दौरान बिजौरा, मिडवासा, नयाखेड़ा, रीछई, तोड़ा तरफदार और पथरिया सहित विभिन्न गांवों में स्कूल भवन, पंचायत भवन, मंगल भवन, सीसी सड़क, नाली, शांतिधाम, पुलिया और स्टॉपडैम जैसे विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से शिक्षा, ग्रामीण अधोसंरचना, जल संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से वंचित नहीं रहेगा। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील भी की।












