मध्य प्रदेश
11 Jul, 2026

मध्य प्रदेश में स्कूली ड्रॉप-आउट दर शून्य हुई: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में कहा कि मध्य प्रदेश ने प्राथमिक शिक्षा स्तर पर ड्रॉप-आउट दर शून्य करने की उपलब्धि हासिल की है और सांदीपनि विद्यालय मॉडल की देशभर में सराहना हो रही है।

भोपाल, 11 जुलाई।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शिक्षा समाज में परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय, पीएमश्री स्कूल और प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में शिक्षा की मजबूत व्यवस्था विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्राथमिक स्तर पर प्रदेश की स्कूली शिक्षा में ड्रॉप-आउट दर शून्य हो गई है और सांदीपनि विद्यालय मॉडल की पूरे देश में सराहना हो रही है।

मुख्यमंत्री शनिवार को इंदौर में आयोजित हिंद रक्षक पुण्योदय प्रकल्प कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्कूली छात्राओं को महापुरुषों के जीवन चरित्र पर आधारित निशुल्क पुस्तकें और कॉपियां वितरित कीं। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख और संस्कारयुक्त शिक्षा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे जीवन में आगे बढ़ सकें।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में शासकीय विद्यालयों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा और उनका परीक्षा परिणाम निजी विद्यालयों से बेहतर रहा। मुख्यमंत्री के अनुसार इस बार बोर्ड परीक्षा की राज्य स्तरीय मेरिट सूची में सांदीपनि विद्यालयों के 58 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राष्ट्रहित और राष्ट्र प्रथम की भावना को केंद्र में रखकर समाज सुधार के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने हिंद रक्षक संगठन के संस्थापक स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह गौड़ को युवा शक्ति का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उन्होंने समाज की बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी 68वीं जयंती पर पुण्योदय प्रकल्प के माध्यम से हर वर्ष की तरह इस बार भी 60 हजार से अधिक विद्यार्थियों को कॉपी-किताबें और महापुरुषों के जीवन पर आधारित पुस्तकें वितरित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उल्लेख करते हुए युवाओं से जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गुरु पूर्णिमा महोत्सव को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश में बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण किया गया है और सरकार के प्रयासों से शासकीय विद्यालयों में व्यापक सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने दोहराया कि अब प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा।

पुण्योदय प्रकल्प के संयोजक एकलव्य गौड़ ने बताया कि हिंद रक्षक प्रकल्प की शुरुआत वर्ष 2004 में स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह गौड़ ने की थी। इसके तहत 11 जुलाई से 11 अगस्त तक एक माह के दौरान 60 हजार से अधिक विद्यार्थियों को तीन लाख से अधिक कॉपी-किताबें वितरित की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से इनका सदुपयोग करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री एवं विधायक ऊषा सिंह, पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक मालिनी गौड़, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक भगवानदास सबनानी, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, समाजसेवी गौरव रणदिवे, श्रवण चावड़ा, सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़