मीरजापुर, 11 जुलाई।
मीरजापुर के कछवां क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी ट्रकों की कतार ने फिर से एक हँसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। शुक्रवार देर शाम वाराणसी से उपचार करवाकर लौट रहे परिवार की स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर कतार में खड़ी ट्रक में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय प्रगति खंडेलवाल ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उनके 63 वर्षीय ससुर प्रभात अग्रवाल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। कार चालक शिवम अग्रवाल इस हादसे में बाल-बाल बचे हैं।
प्रतापगढ़ के चिलबिला निवासी शिवम अपनी पत्नी प्रगति और कैंसर से जूझ रहे पिता प्रभात को लेकर घर वापस लौट रहे थे। कटका गोदाम (पड़ाव) के पास खड़ी ट्रकों की कतार के कारण यह कार सीधे उनमें जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर औराई और कछवां पुलिस मौके पर पहुँची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
घटना के उपरांत ट्रक चालक अपने वाहन लेकर फरार होने में कामयाब रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इसी स्थान पर छह माह पूर्व भी ऐसा ही जानलेवा हादसा हुआ था जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद राजमार्ग किनारे अवैध पार्किंग पर ठोस कार्रवाई न होने को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर मार्ग को सुचारू किया और आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू की है।








