काठमांडू, 15 जुलाई।
नेपाल की राजनीति में चर्चा का विषय बनी मीडिया हाउसों के बाहर वाहन खड़ा करने की घटना पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से बात करते हुए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की पुरजोर मांग की है।
लामिछाने ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि इस अनधिकृत गतिविधि में पार्टी का कोई भी नेता या कार्यकर्ता दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पार्टी के रुख पर स्पष्टीकरण देते हुए उन्होंने बताया कि उनका दल शुरू से ही इस कृत्य को अनुचित मानता है। उन्होंने कहा कि हम पहले ही आधिकारिक बयान जारी कर चुके हैं कि ऐसा कृत्य नहीं होना चाहिए था। हम दोषियों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई करने की अपनी मांग पर पूरी तरह कायम हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा स्टैंड बहुत स्पष्ट है और हम उससे पीछे नहीं हटेंगे। लामिछाने ने यह भी जोड़ा कि कौन गिरफ्तार हुआ या किस पर केस दर्ज हुआ, यह तकनीकी विषय हो सकते हैं, लेकिन जो घटना हुई वह बिल्कुल असामान्य थी। इसी कारण पार्टी ने शुरू में जो बात कही थी, वह अब भी उसी पर स्थिर है।











