शेखूपुरा, 15 जुलाई।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। नारंग मंडी के सिधनवाली स्टॉप के समीप काला खटाई रोड पर दो बसें आपस में टकरा गईं। इस दर्दनाक घटना में पांच लोगों ने अपनी जान गंवा दी है, जबकि 25 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, लाहौर से शकरगढ़ की ओर जा रही एक बस के चालक ने मोटरसाइकिल सवार को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बस से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पलटकर पास के खेतों में जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दलों ने मोर्चा संभाल लिया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन यात्रियों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लाहौर रेफर कर दिया गया है।











