भोपाल, 15 जुलाई।
मध्य प्रदेश के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर से आबू धाबी के लिए प्रदेश की पहली अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा का शुभारंभ करने जा रहे हैं। यह उड़ान मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को सीधे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी आबू धाबी से जोड़ेगी।
यह सेवा एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित की जाएगी। यात्री अब सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार—को इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। इससे पहले यात्रियों को दिल्ली या मुंबई होकर जाना पड़ता था, जिसमें 7 से 8 घंटे लगते थे। अब यह यात्रा मात्र 3 घंटे 15 मिनट में पूरी हो जाएगी।
इससे मालवा-निमाड़ क्षेत्र में व्यापार, निवेश और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। राज्य सरकार की नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत हवाई संपर्क का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। अब तक प्रदेश में 8 नए हवाई मार्गों को मंजूरी मिल चुकी है, जिनमें से चार पर परिचालन शुरू हो चुका है।
सरकार ने विमानन क्षेत्र को मजबूती देने के लिए कई बड़े प्रावधान किए हैं। नई नीति के तहत घरेलू उड़ानों के लिए 10 लाख और अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए 15 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग का प्रावधान है। साथ ही, एटीएफ पर वैट की दर को घटाकर एक प्रतिशत किया गया है।
हवाई अड्डों पर रात्रि पार्किंग और मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (एमआरओ) परियोजनाओं के लिए भी सरकार ने आकर्षक सब्सिडी दी है। इसके अलावा, उड़ान प्रशिक्षण संगठनों (एफटीओ) को कौशल विकास के लिए बड़ी वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है, जिससे भविष्य में नए हवाई मार्ग खुलने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।














