मुंबई, 15 जुलाई।
जानी-मानी टीवी अभिनेत्री जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपने निजी जीवन को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं। ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि वह जल्द ही दूसरी बार शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि जेनिफर इन दिनों सिंगापुर के एक व्यवसायी इश्माएल विलियम को डेट कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने अभिनेत्री को शादी के लिए प्रपोज किया है, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।
इन चर्चाओं के अनुसार, दोनों का विवाह समारोह यूनाइटेड किंगडम में आयोजित होगा। यह एक बेहद निजी समारोह होगा, जिसमें परिवार के लोग और कुछ करीबी दोस्त ही मौजूद रहेंगे। 16 जुलाई को इनके विवाह की तारीख सामने आ रही है।
हालांकि, अभिनेत्री या उनके प्रबंधन की तरफ से इस खबर को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जेनिफर ने हमेशा अपनी निजी जिंदगी को मीडिया की नजरों से छिपाकर ही रखा है।
याद दिला दें कि जेनिफर का पहला विवाह वर्ष 2012 में अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से हुआ था। आपसी मतभेदों के चलते 2014 में उनका तलाक हो गया था। अब उनके प्रशंसक इस नई शुरुआत की आधिकारिक घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।














