काठमांडू, 15 जुलाई।
नेपाल के मुख्य प्रशासनिक केंद्र सिंहदरबार के बाहर आज सरकार विरोधी प्रदर्शन देखने को मिला। मीडिया संस्थानों को डराने-धमकाने के कथित प्रयासों के खिलाफ विभिन्न विपक्षी छात्र संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। छात्रों ने सिंहदरबार के मुख्य द्वार पर अपनी मोटरसाइकिलें खड़ी करके विरोध दर्ज कराया।
इस विरोध प्रदर्शन के कारण वहां की आवाजाही कुछ समय के लिए बाधित हो गई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने हाथों में प्लेकार्ड ले रखे थे, जिन पर "मीडिया को डराना बंद करो" और "गरीबों की आवाज दबाना बंद करो" जैसे नारे लिखे हुए थे।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने और सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश के आरोप में रोका। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस ने सात छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया है।
सुरक्षा बलों का कहना है कि यह कार्रवाई सार्वजनिक शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई है। प्रशासनिक भवन के आसपास निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के चलते इन लोगों को हटाया गया है।















