कानपुर, 18 जुलाई।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत ने शुक्रवार को कानपुर में आयोजित बैठक के दौरान विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अनुसूचित समाज को महज वोट बैंक के रूप में नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा प्रदान करने का कार्य किया है। सांसद ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से कमर कस लें और बूथ स्तर तक संगठन की पकड़ मजबूत बनाएं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।
अशोक रावत ने आगे कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के आदर्शों को जन-जन तक ले जाने का संकल्प लिए हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का भव्य विकास किया गया है। आज अनुसूचित समाज का व्यक्ति राष्ट्रपति, राज्यपाल, सांसद और विधायक जैसे शीर्ष संवैधानिक पदों पर पहुंचकर समाज का प्रतिनिधित्व कर रहा है, जो भाजपा की समावेशी नीति का स्पष्ट प्रमाण है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरते हुए सांसद ने कहा कि जो दल हमेशा बाबा साहेब और संविधान का अपमान करते रहे, वे अब संविधान की रक्षा करने का ढोंग कर रहे हैं। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में हमेशा दलितों की उपेक्षा की है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुई इस बैठक की अध्यक्षता विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने की। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












