उरई, 18 जुलाई।
जालौन साइबर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाकर उनके नाम पर फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड निकलवाने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है।
इस मामले में पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य दीपेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से दो की-पैड मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद हुआ है। छानबीन में गिरोह के कुल छह सदस्यों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी तलाश में टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये अपराधी बिहार की वेबसाइट से मुकदमे की जानकारी लेकर पीड़ित को फोन करते थे। गिरोह का सदस्य खुद को पुलिस अधिकारी बताकर केस निपटाने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे।
गिरोह ने इस काम के लिए बाकायदा जिम्मेदारी बांट रखी थी। कोई सिम कार्ड की व्यवस्था करता था, तो कोई बैंक खाते खुलवाता था। एनसीआरपी पोर्टल पर जांच के दौरान इस गिरोह से जुड़ी 24 शिकायतें अलग-अलग राज्यों से सामने आई हैं। पुलिस अब इस गैंग के बाकी सदस्यों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।












