कानपुर, 18 जुलाई।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने शुक्रवार को कानपुर में मीडिया से मुखातिब होते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के हिंदुत्व को केवल चुनाव तक सीमित बताया और अखिलेश यादव पर 'पीडीए' के बहाने जनता को गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया। पाल ने कहा कि इंडी गठबंधन के नेता अब मोदी विरोध के नाम पर राष्ट्र विरोध पर उतर आए हैं।
प्रकाश पाल ने आगे कहा कि राहुल गांधी की विदेश में दी गई टिप्पणियां भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने वाली हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में ही पिछड़े समाज को सही मायनों में सम्मान मिला है। भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर इस वर्ग को सशक्त और स्वावलंबी बनाया है।
अपने कानपुर दौरे के क्रम में प्रकाश पाल ने भाजपा पिछड़ा मोर्चा की बैठक में भाग लिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने घोषणा की कि पिछड़ा मोर्चा पूरे राज्य में घर-घर संपर्क अभियान चलाएगा। इस दौरान सपा सरकार के कार्यकाल में कथित तौर पर पीड़ित लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी और उनकी सच्चाई को जनता के समक्ष उजागर किया जाएगा। कानपुर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत भी किया।












