जांजगीर-चांपा, 18 जुलाई।
जिले के सारागांव थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, साथ ही एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पीड़ित अशोक लाठिया अपने साथी के साथ 16 जुलाई को काम से लौट रहा था। इसी दौरान नेशनल हाईवे-49 पर पेट्रोल पंप के पास बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। चाकू की नोक पर उनसे दो मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये की नकदी लूट ली गई। कुल लूटी गई संपत्ति की कीमत 25 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पूछताछ के दौरान महेन्द्र कुमार धारिया ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और लूटा गया सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने दूसरे आरोपित सूर्यकांत बरेठ को भी दबोच लिया है। इसके अलावा एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक के पास से घटना में प्रयुक्त एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, चाकू और अन्य मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर दिया है।












