वाराणसी, 18 जुलाई।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गांधी अध्ययन पीठ सभागार में आगामी सोमवार, 20 जुलाई को एक विशेष आयोजन होने जा रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की काशी प्रांत इकाई की ओर से महान शिक्षाविद और राष्ट्र चिंतक यशवंत राव केलकर की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में 'प्रिय केलकर जी' विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का ताना-बाना बुना गया है। इस दौरान विद्यार्थी परिषद के पूर्व और वर्तमान कार्यकर्ताओं का एक भावनात्मक स्नेह मिलन भी संपन्न होगा।
प्रांत मंत्री शिवम सिंह के अनुसार, दोपहर एक बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर रघुराज किशोर तिवारी उपस्थित रहेंगे और आयोजन की कमान महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रोफेसर आनंद कुमार त्यागी संभालेंगे।
इस अवसर पर अभाविप के पुराने कार्यकर्ताओं का समागम वर्तमान कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। यह जन्म शताब्दी वर्ष का कार्यक्रम न केवल यादों को ताजा करेगा बल्कि संगठन को नई ऊर्जा देने का माध्यम भी बनेगा। इस आयोजन में क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही, प्रांत संगठन मंत्री आकाश और प्रांत अध्यक्ष डॉ महेंद्र त्रिपाठी समेत संगठन के सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।












