हरिद्वार, 18 जुलाई।
उत्तराखंड की सियासत में लक्सर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के कद्दावर नेता प्रमोद खारी ने शनिवार को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष को प्रेषित किया है। खारी ने इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है, लेकिन गलियारों में इसे उनकी लंबे समय से पनप रही नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है।
प्रमोद खारी ने आरोप लगाया कि सरकार में गुजर समाज की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि समाज से संबंधित विषयों को शासन-प्रशासन द्वारा गंभीरता से नहीं लिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाती है, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर रहा है।
खारी का कहना है कि जब कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी आवाज का कोई मोल न रहे, तो पार्टी में बने रहने का कोई अर्थ नहीं है। अपने क्षेत्र की समस्याओं को बार-बार उठाने के बाद भी कोई उचित कार्रवाई न होने से वे काफी आहत थे। लक्सर क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाले प्रमोद खारी का इस्तीफा भाजपा के लिए आने वाले दिनों में नए राजनीतिक समीकरण पैदा कर सकता है।












