गाजियाबाद, 18 जुलाई।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद में मेरठ और सहारनपुर मंडल के आला अफसरों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता के साथ किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और समय रहते अफवाहों का खंडन करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
पूरे यात्रा मार्ग की सुरक्षा चाक-चौबंद रखने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी के प्रबंध किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड जैसे पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ निरंतर तालमेल बनाए रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति से त्वरित निपटा जा सके। डीजे की ध्वनि और कांवड़ की ऊंचाई को मानकों के भीतर रखने के लिए कांवड़ संघों और संचालकों के साथ संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लोक निर्माण और सिंचाई विभाग को यात्रा से पहले मार्गों को गड्ढामुक्त करने और झाड़ियों की सफाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की दुकानों को बंद रखने के साथ ही बिजली लाइनों व ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा जांच के भी निर्देश जारी हुए हैं। कांवड़ शिविरों में पेयजल, शौचालय, रोशनी और सात्विक भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए प्रशासन को सक्रिय रहने को कहा गया है। सूचना विभाग के जरिए जनहितकारी योजनाओं का प्रचार और कांवड़ियों का भव्य स्वागत करने के भी निर्देश दिए गए हैं।












