डायमंड हार्बर, 18 जुलाई।
दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर में शनिवार सुबह प्रशासन का बुलडोजर गरजा। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आमतला स्थित कार्यालय के सामने बने एक नीले रंग के शेड को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहे।
प्रशासन के मुताबिक, कार्यालय से जुड़ी पांच मंजिला इमारत को बिना स्वीकृत बिल्डिंग प्लान के बनाए जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद संबंधित पक्षों को नोटिस भेजकर अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया था। अधिकारियों का दावा है कि सुनवाई के लिए निर्धारित समय पर कोई भी प्रतिनिधि नहीं पहुंचा, जिसके चलते नियमानुसार यह कदम उठाया गया।
मौके पर ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (बीडीओ), भूमि विभाग के अधिकारी और दमकल की टीम भी मौजूद थी। प्रशासन ने कड़ी निगरानी में शेड को हटाने का काम पूरा किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी कानूनी प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, 30 जून को प्रशासन ने अमित बनर्जी और अन्य लोगों को नोटिस देकर 15 जुलाई को दस्तावेजों के साथ पेश होने का निर्देश दिया था। यह नोटिस सुषांत मंडल की शिकायत पर जारी हुआ था। गौरतलब है कि इससे पहले मई महीने में कोलकाता के ईएम बाइपास इलाके में भी एक पार्टी कार्यालय पर इसी तरह की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी।












