ओरांग, 18 जुलाई।
असम के ओरांग राष्ट्रीय उद्यान में शनिवार तड़के ड्यूटी के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। वनकर्मी बिपिन डेका अपनी सर्विस राइफल से अचानक चली गोली की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग के वाहन से उतरते समय यह दुर्घटना हुई। गोली लगने के बाद मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
वर्तमान में घायल वनकर्मी को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
वन विभाग ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। अधिकारी इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि आखिर ड्यूटी के दौरान राइफल से गोली कैसे चल गई और क्या यह तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य चूक।












