चंडीगढ़, 18 जुलाई।
हरियाणा सरकार ने आगामी मानसून सत्र की तैयारियों को लेकर हलचल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 28 जुलाई को प्रदेश मंत्रिमंडल की एक अहम कैबिनेट बैठक बुलाई है। इस बैठक में विधानसभा सत्र के आयोजन की तारीखों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
सचिवालय सूत्रों के अनुसार, अगस्त के दूसरे पखवाड़े में विधानसभा सत्र आयोजित करने की योजना है। इस बैठक में चर्चा के लिए सभी विभागों को विभिन्न योजनाओं और नीतियों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में सुबह 11 बजे होने वाली इस मंत्रिमंडल बैठक में कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर मंथन होगा। शासन की कोशिश है कि सत्र के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले विधायी कार्यों और सरकारी प्रस्तावों को समय रहते अंतिम रूप दे दिया जाए।











