कानपुर, 18 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों को कायाकल्प की सौगात दी है। इस योजना के अंतर्गत कानपुर का पनकी धाम स्टेशन भी अब आधुनिक यात्री सुविधाओं से पूरी तरह लैस होकर तैयार हो गया है। स्टेशन के इस नए स्वरूप से न केवल स्थानीय निवासियों के लिए आवागमन सरल होगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई ऊंचाई मिलेगी।
पनकी धाम परिसर में आयोजित वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और रेलवे के आला अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अपर मंडल रेल प्रबंधक धनंजय कुमार सिंह और उप मुख्य यातायात प्रबंधक आकांशु गोविल ने अतिथियों का स्वागत किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1300 से अधिक स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुख-सुविधाओं के साथ स्थानीय संस्कृति का भी अनुभव मिल सके।
सांसद रमेश अवस्थी और महापौर प्रमिला पांडेय ने इसे कानपुर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने स्टेशन पर विकसित 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, आधुनिक पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और कलात्मक सौंदर्यीकरण की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूली प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने माहौल को जीवंत बना दिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला समेत जिले के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।












