हरिद्वार, 18 जुलाई।
आरटीओ कार्यालय में अब आम लोगों को सेवाओं के लिए लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। परिवहन विभाग ने नागरिकों को त्वरित और डिजिटल सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से कार्यालय में ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया है। इस नई व्यवस्था के तहत कार्यालय में विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड स्टैंड स्थापित किए गए हैं, जिन्हें स्कैन करते ही ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण और टैक्स जैसी तमाम जानकारी लोगों को अपने मोबाइल पर मिल जाएगी।
विभाग की इस आधुनिक पहल से आरटीओ कार्यालय में कामकाज में पारदर्शिता आएगी। अब आवेदकों को बार-बार काउंटर पर जाकर पूछताछ करने की बाध्यता नहीं होगी। इसके अतिरिक्त परिसर में लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम भी प्रभावी कर दिया गया है। इससे टोकन की वर्तमान स्थिति और संबंधित काउंटर की जानकारी स्क्रीन पर देखकर लोग अपनी बारी का इंतजार सुव्यवस्थित तरीके से कर सकेंगे।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने इस पहल को नागरिक सेवाओं के आधुनिकीकरण में एक बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कार्यालय पहुँचने वाले सभी लोगों से क्यूआर कोड का उपयोग कर डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है। भविष्य में भी विभाग इस तरह की तकनीकी सेवाओं का विस्तार करेगा ताकि सरकारी कामकाज और अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाया जा सके।












