मथुरा, 18 जुलाई।
जिले के मगोर्रा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में धान की रोपाई के दौरान दो पक्षों के बीच उपजा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शुक्रवार रात खेत में पौध लगाने को लेकर हुई कहासुनी ने इतना तूल पकड़ा कि एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी।
इस हमले में सरोज देवी और उनके बेटे गोपाल सिंह गोली लगने से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे।












