लखनऊ, 18 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के आम अब विदेशों की थाली की शोभा बढ़ाएंगे। राज्य के उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ के उद्यान निदेशालय से 1,200 किलोग्राम ताजे चौसा आम की पहली खेप को यूनाइटेड किंगडम (यूके) के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल उत्तर प्रदेश की बागवानी उपज को वैश्विक पहचान दिलाने और किसानों की आय को दोगुना करने के संकल्प का हिस्सा है।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि योगी सरकार बनने के बाद से प्रत्येक वर्ष प्रदेश की उपज को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने के प्रयास लगातार सफल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब राज्य के लगभग हर ब्लॉक में एक्सपोर्टर तैयार किए गए हैं। सरकार ने औद्यानिक निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड का गठन कर किसानों को सही दिशा और वैश्विक बाजारों की जानकारी उपलब्ध कराई है। जेवर एयरपोर्ट के निर्माण को उन्होंने राज्य के किसानों के लिए विकास का मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे हवाई भाड़ा कम होगा और किसानों को सीधे अधिक मुनाफा होगा।
प्रदेश में होने वाले दशहरी और चौसा आमों की गुणवत्ता दुनिया भर में विख्यात है। यूके के साथ हुए हालिया समझौते के तहत भारत को अधिकांश उत्पादों के लिए शुल्क-मुक्त बाजार की सुविधा मिली है, जिसका सीधा लाभ अब उत्तर प्रदेश के बागवानों और कृषि उद्यमियों को मिलेगा। दशहरी आम पहले ही दुबई और मास्को जैसे बड़े बाजारों में अपनी पहचान बना चुके हैं। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद रहे।












