लखनऊ, 18 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के तूफानी दौरे पर रहेंगे। अपने व्यस्त कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए वे सबसे पहले बुलंदशहर पहुँचेंगे, जहाँ रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद नुमाइश मैदान में 574 करोड़ रुपये से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री वहाँ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी, थर्मल प्रिंटर और प्रमाण पत्र सौंपेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
बुलंदशहर से मुख्यमंत्री का काफिला अमरोहा के लिए रवाना होगा। गजरौला स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में वे 207 करोड़ रुपये से अधिक की 43 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान लाभार्थियों को चेक, चाबी, लैपटॉप और प्रमाण पत्र बाँटने के साथ ही वे वहाँ उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आज के दौरे का अंतिम पड़ाव संभल होगा।
संभल में वे इंट्रीग्रेटेड मुख्यालय के समीप आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहाँ वे 569 करोड़ रुपये की 66 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, साथ ही विभिन्न योजनाओं के पात्र लोगों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। संभल की जनसभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री बरेली होते हुए वापस लखनऊ लौटेंगे। यह दौरा राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास और जन-कल्याणकारी योजनाओं को गति देने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












