मीरजापुर, 18 जुलाई।
मादक पदार्थों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत विंध्याचल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शुक्रवार देर रात घेराबंदी करते हुए चार शातिर तस्करों को धर दबोचा है।
इनके पास से पुलिस ने 99.80 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से पैकिंग के काम में आने वाली सफेद पॉलिथीन भी जब्त की गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान महेंद्र बिंद, बोतल बिंद, नागा पासी और राजेश उपाध्याय के रूप में हुई है। ये सभी अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। पुलिस की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर इन्हें जाल बिछाकर पकड़ा।
पुलिस अब इस तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। चारों आरोपियों के खिलाफ विंध्याचल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।












