मीरजापुर, 18 जुलाई।
जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र स्थित सेमरा कलां गांव में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी के घर को निशाना बनाकर लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
व्यवसायी सीताराम केसरवानी अपने घर के निचले हिस्से में सो रहे थे, तभी रात के करीब दो बजे चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए। बदमाशों ने कमरे की आलमारी तोड़कर उसमें रखे लाखों के सोने-चांदी के गहने और दुकान की दराज से 50 हजार रुपये की नकदी पार कर दी।
पीड़ित गृहस्वामी के अनुसार, चोरी गए जेवरों की कुल कीमत लगभग 52 लाख रुपये है। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया था, लेकिन घर में घुसते समय वे कैमरे में कैद हो गए।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया है और मुंह ढके हुए संदिग्धों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।












