नई दिल्ली, 18 जुलाई।
राजधानी के जंतर-मंतर पर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। यहां प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके पर एक महिला ने अचानक स्याही फेंक दी। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अभिजीत दीपके पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के समर्थन में आंदोलन कर रहे थे। वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद दीपके ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया कि उनकी अनुपस्थिति में पुलिस ने जबरन वांगचुक को धरना स्थल से हटा दिया है।
इसके बाद दीपके ने ऐलान किया कि वे अब इस शांतिपूर्ण आंदोलन को खुद आगे बढ़ाएंगे और आज से ही अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने देशभर के लोगों से संयम बरतने और विरोध प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की है।
मौके पर तैनात पुलिस ने सीजेपी कार्यकर्ताओं से जंतर-मंतर खाली करने का अनुरोध किया है। गौरतलब है कि सीजेपी परीक्षा पेपर लीक के विरोध में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है और 20 जुलाई को संसद मार्च का आह्वान किया गया है।












