काठमांडू, 24 जुलाई।
नेपाल में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के चलते भीषण भूस्खलन और सड़कों का कटाव शुरू हो गया है, जिससे नौ प्रमुख राजमार्ग पूरी तरह से ठप्प हो चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा कारणों से कई मार्गों पर रात के समय वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।
मेची और अरनिको राजमार्ग भारी कीचड़ तथा भूस्खलन के कारण पूरी तरह बंद हो गए हैं जिससे आम जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कालीगंडकी कॉरिडोर, शहीद राजमार्ग और मध्य-पहाड़ी राजमार्ग सहित देश के विभिन्न हिस्सों में कई अन्य महत्वपूर्ण सड़कें भी अवरुद्ध पड़ी हैं।
तामाकोशी नदी द्वारा सड़क का हिस्सा बहाए जाने के बाद यातायात बाधित हुआ था जिसे वैकल्पिक मार्ग के जरिए फिर से शुरू किया गया है।















