बोर्डो, 24 जुलाई।
दक्षिण-पश्चिम फ्रांस के बार्डो के पास घने पाइन के जंगल में लगी भीषण जंगल की आग की चपेट में आने से 3,400 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र जल गया है। इस खतरनाक आग के कारण 20,000 से ज्यादा नागरिकों और पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
अधिकारियों का मानना है कि सोमोस गांव के पास स्थित इस जंगल में ब्रश-क्लियरिंग मशीन की वजह से आग भड़की होगी। इस हादसे में तीन घर और एक कारवां पूरी तरह जल चुके हैं, लेकिन गनीमत यह रही कि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
इस भयंकर आग पर काबू पाने के लिए विमानों और सैनिकों की मदद से करीब 800 अग्निशामक दिन-रात जुटे हुए हैं। फ्रांस की अपील पर यूरोपीय संघ ने हालात से निपटने के लिए तीन विशेष वाटर-बॉम्बिंग विमान भी भेजे हैं।
देश में बार-बार पड़ रही लू और भीषण गर्मी के कारण हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अत्यधिक तापमान और तेज हवाओं की वजह से अग्निशमन अभियानों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।











