एथेंस, 3 अगस्त।
यूनान के अत्तिका क्षेत्र में रविवार को जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान हवा में दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में एक डेनमार्क के पायलट और यूनान की अग्निशमन सेवा के एक संपर्क अधिकारी शामिल हैं।
दूसरे हेलीकॉप्टर में सवार एक ब्रिटिश पायलट और एक यूनानी समन्वयक सुरक्षित बच गए। हादसा राजधानी एथेंस से करीब 65 किलोमीटर दूर हुआ। घटना के वीडियो में एक हेलीकॉप्टर दूसरे के प्रोपेलर से टकराने के बाद आग की चपेट में आता दिखाई देता है और खाई में गिर जाता है। दूसरा हेलीकॉप्टर आपात लैंडिंग करने में सफल रहा।
यूनान में इस सप्ताह जंगल की आग कई इलाकों में फैल गई है, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। लंबे समय से जारी गर्मी की लहर के बीच यूरोप के अन्य देशों में भी आग की कई घटनाएं सामने आई हैं।
ग्रीक अग्निशमन सेवा के अनुसार, ऑस्ट्रेलियाई कंपनी से किराए पर लिए गए दोनों बेल हेलीकॉप्टर अत्तिका-बोएटिया सीमा क्षेत्र में लगी भीषण आग बुझाने के अभियान में शामिल थे। राहत अभियान के दौरान ही दोनों विमान हवा में टकरा गए।
एक हेलीकॉप्टर के चालक दल को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दूसरे विमान के चालक दल के सदस्य बेहोशी की हालत में मिले। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रधानमंत्री क्यारियाकोस मित्सोटाकिस ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया और मृत डेनिश पायलट तथा यूनानी समन्वयक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।












