नई दिल्ली, 3 अगस्त।
पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने भगवान शिव की कृपा से देश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
ओम बिरला ने अपने संदेश में कहा कि श्रावण का पहला सोमवार भगवान शिव की आराधना, आत्मशुद्धि, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से शिवभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सेवा और मानवता जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
अमित शाह ने कामना की कि देवाधिदेव महादेव की कृपा सभी देशवासियों पर बनी रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भगवान शिव से प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि तथा पूरे देश में शांति, सद्भाव और नई ऊर्जा के संचार की प्रार्थना की।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान शिव से सभी के जीवन में खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने भगवान रुद्र को समर्पित एक श्लोक साझा किया।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि से परिपूर्ण हो। उन्होंने श्रावण मास को श्रद्धा, भक्ति और नवचेतना का संदेश देने वाला बताया।
नेताओं ने कांवड़ यात्रा पर निकले सभी शिवभक्तों की मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की भी कामना की।













