लागोस, 05 अक्टूबर।
नाइजीरिया के दक्षिण-पश्चिमी ओंडो प्रांत में सोमवार को 32 लोगों को लेकर जा रहा एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 25 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे। दुर्घटना के बाद इसका मलबा तटीय शहर इग्बोकाडा में नौसैनिक अड्डे के पास मिला।
अधिकारियों ने फिलहाल हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है। नाइजीरिया के विमानन मंत्री फेस्टस कीयामो ने बताया कि विमान बेनिन से लागोस की ओर जा रहा था।
विमान का हवाई यातायात नियंत्रण से सोमवार सुबह करीब 9:13 बजे संपर्क टूट गया। रेडियो के माध्यम से संपर्क दोबारा स्थापित करने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद विमान के लापता होने की सूचना जारी की गई।
बाद में अधिकारियों को विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली। तलाशी अभियान के दौरान इसका मलबा इग्बोकाडा स्थित नौसैनिक अड्डे के पास मिला। नाइजीरियाई वायुसेना ने दुर्घटना की जानकारी मिलते ही खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
वायुसेना के अनुसार, विमान नियमित मिशन के तहत बेनिन से लागोस जा रहा था। विमान की पहचान टेल नंबर एनजीआर 931 वाले सैन्य विमान के रूप में की गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है।














